गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर गुरुवार शाम उपजिलाधिकारी जमानियां निधि ने तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम सबलपुर पहुंचकर बाढ़ से प्रभावित लोगों की स्थिति की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायिका सुनीता सिंह के साथ प्रभावित परिवारों को राशन किट समेत आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए भूसा भी उपलब्ध कराया गया। राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने प्रशासन का आभार जताया।
इसके बाद उपजिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद जमानियां क्षेत्र के बलुआ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर बाढ़ की स्थिति, जलस्तर तथा प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के साथ ही पशुओं के लिए भी चारा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।














