गाजीपुर। भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान’ के तहत गुरुवार को मेरा युवा भारत (माय भारत) गाजीपुर की ओर से पीजी कॉलेज परिसर में जनपद स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद गाजीपुर के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए।
प्रतियोगिताओं में लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, भाषण, रंगोली, नारा लेखन और चित्रकला के माध्यम से प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। लोकगीत में अंकित राजभर एवं टीम, नुक्कड़ नाटक में खुशबू एवं टीम, कविता पाठ में आंचल वर्मा, भाषण में कुमारी दीपशिखा, रंगोली में सरिता प्रजापति, नारा लेखन में गुंजन कुमारी तथा चित्रकला में आकांक्षा शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र पांडे ने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों का समावेश आवश्यक है। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। अंत में विजेताओं को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा सभी युवाओं ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।














