गाज़ीपुर – दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत पर सोमवार को शहर कांग्रेस कार्यालय, सकलेनाबाद में जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। इस दौरान नेताओं ने जीत को लोकतंत्र और संविधान की जीत बताते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम दर्शाता है कि देश में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं और जनता संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक न्याय के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश है। उनके अनुसार कांग्रेस की यह जीत संविधान की रक्षा और जनता की आवाज की जीत है।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि दतिया की जनता ने भाजपा की जनविरोधी राजनीति को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि झूठे प्रचार, सत्ता के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमले की राजनीति लंबे समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान, युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है तथा दतिया की जीत देश में बदलाव का संदेश देने वाली है।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और आगामी राजनीतिक संघर्षों में जनता के बीच मजबूती से काम करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अजय कुमार श्रीवास्तव, अयूब भाई, राजेश विश्वकर्मा, महेंद्र कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव, आलोक यादव, कृष्ण देव तिवारी, दाउ विश्वकर्मा, अजीत यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














