गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से माह के प्रथम शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम तहसील कासिमाबाद में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कासिमाबाद में कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जनपद की सातों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 436 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 40 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया। तहसील सदर में 46 में से सात, मुहम्मदाबाद में 76 में से 14, जमानियां में 49 में से पांच, जखनियां में 86 में से चार, सैदपुर में 48 में से दो तथा सेवराई में 45 में से चार शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन और आपसी विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करें, ताकि विवादों का शीघ्र समाधान हो सके।
उन्होंने सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल निस्तारण करें और आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न होने दें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।














