गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना (ग्रुप-1, 2, 3 एवं 4) के क्रियान्वयन हेतु शासन ने विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत शिक्षण संस्थानों का मास्टर डाटाबेस तैयार करने, सत्यापन, लॉक करने तथा छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन लेने की प्रक्रिया निर्धारित तिथियों के अनुसार पूरी की जाएगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि मान्यता प्राप्त नवीन शिक्षण संस्थानों को मास्टर डाटाबेस में शामिल होने, पासवर्ड प्राप्त करने तथा संस्थागत डाटा अपडेट करने की प्रक्रिया 22 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक पूरी करनी होगी।
इसके बाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध एजेंसियों के नोडल अधिकारी शिक्षण संस्थानों, पाठ्यक्रमों, सीटों की संख्या और शुल्क संबंधी विवरण का डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन 23 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक करेंगे। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा इन विवरणों का अंतिम सत्यापन 25 जुलाई से 14 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति आवेदन और अन्य सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी होने पर पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सकेगा। उन्होंने सभी संस्थानों से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।














