Monday, July 6, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalसम्पूर्ण समाधान दिवस में 613 शिकायतें, 55 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 613 शिकायतें, 55 का मौके पर निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सैदपुर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।

तहसील सैदपुर में कुल 139 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह का तत्काल निस्तारण किया गया। जनपद की सभी सातों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 613 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 55 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भेजा गया।

अन्य तहसीलों में सेवराई में 59 शिकायतों में चार, कासिमाबाद में 73 में चार, जमानियां में 53 में पांच, जखनियां में 123 में 12, सदर तहसील में 57 में पांच तथा मुहम्मदाबाद में 109 शिकायतों में 19 का मौके पर निस्तारण किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जमीन और आपसी विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया।

समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक नगर, उपजिलाधिकारी सैदपुर, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार सैदपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button