ग़ाज़ीपुर – नन्दगंज क्षेत्र के सहेड़ी गांव में गुरुवार को सरकारी कार्य के दौरान एक लेखपाल पर युवक ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में लेखपाल अनिल प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर में गहरी चोट आई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सदर तहसील के सहेड़ी गांव में तालाब खुदाई और नाली निर्माण कार्य कराने के लिए राजस्व विभाग की टीम पुलिस तथा पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान गांव के एक युवक ने अचानक लेखपाल अनिल प्रजापति पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। घायल लेखपाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल लेखपाल का हालचाल लेने वाले जिलाधिकारी अनूपम शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारी पर हमला करने वाले दोषी के खिलाफ कड़ी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।














