Wednesday, June 24, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalसंदिग्ध हालात में फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, मायके पक्ष ने लगाया...

संदिग्ध हालात में फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

गाजीपुर के बिरनो गांव में सनसनी

गाजीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र के बिरनो गांव में मंगलवार को एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

मायके पक्ष का गंभीर आरोप

मृतका पिंकी कुमारी (27) पत्नी अशोक राम बताई गई हैं। मृतका के पिता, जो मरदह थाना क्षेत्र के बरही गांव के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि उन्होंने कर्ज लेकर 1 फरवरी 2024 को अपनी बेटी की शादी अशोक राम से की थी। विवाह में अपनी क्षमता के अनुसार दहेज और गृहस्थी का सामान भी दिया था।

परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति, सास और ससुर अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे तथा फोर व्हीलर की मांग को लेकर पिंकी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

चार दिन पहले ही लौटी थी ससुराल

परिजनों के अनुसार पिंकी चार दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी। वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी और उसके चार भाई हैं। मृतका अपने पीछे एक मासूम  छोटे पुत्र को छोड़ गई है।

शादी को लेकर भी सामने आई जानकारी

स्थानीय लोगों के अनुसार अशोक राम की पहले कहीं और शादी तय हुई थी, लेकिन रिश्ता टूट जाने के बाद उसी तिथि पर बिना दहेज विवाह का प्रस्ताव लेकर उसके परिजन पिंकी के घर पहुंचे थे। परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देकर यह विवाह संपन्न कराया गया था।

सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन

मंगलवार को एक रिश्तेदार से बेटी की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतका की मां उर्मिला देवी शव देखकर बिलख उठीं और बेटी के साथ अन्याय होने की बात कहती रहीं।

ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस को शव कब्जे में लेने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान सड़क किनारे दूसरे मकान में छिपे पति, सास और ससुर को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

पुलिस जांच में जुटी

बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने तथा हत्या का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button