गाजीपुर – गहमर थाने में तैनात सिपाही मोहित यादव को 17 वर्षीय बालिका की शिकायत के बाद रविवार को निलंबित कर दिया गया। सिपाही के खिलाफ शनिवार शाम मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
बालिका ने आरोप लगाया कि करीब छह महीने पहले ट्रेन में मुलाकात के बाद सिपाही ने शादी का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि बाद में उसे होटल ले जाकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए गए। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और दूसरे लोगों के साथ संबंध बनाने का दबाव डालने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के बाद बयान दर्ज कराने पर बालिका ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने, परिजनों को धमकाने और बयान बदलवाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया।
वहीं, सिपाही ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए खुद को फंसाने की कोशिश किए जाने की बात कही है। उसने ट्रेन में बालिका से मुलाकात होने की बात स्वीकार की, लेकिन घटनाक्रम को लेकर अपना अलग पक्ष रखा।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















