गाजीपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर 2026 को गाजीपुर सहित पूर्वांचल के कई जनपदों में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 90 मिमी तक बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए उप कृषि निदेशक ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
कटी हुई धान की फसल को तत्काल सुरक्षित स्थान पर रखकर तिरपाल से ढकने तथा मंडी या खलिहान में रखे अनाज को ऊंचे स्थान पर सुरक्षित रखने को कहा गया है। किसानों को हार्वेस्टर से धान की कटाई 28 अक्टूबर से पहले पूरी करने की सलाह दी गई है।
रबी की सरसों, चना और मटर की बोई गई फसलों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और खेतों में पानी जमा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। 28-29 अक्टूबर को बुवाई, यूरिया व डीएपी का प्रयोग तथा कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है।
सब्जियों में टमाटर व बैंगन के पौधों को बांस का सहारा देने तथा केला-पपीता के पौधों में अतिरिक्त सहारा लगाने को कहा गया है। किसानों को बिजली चमकने के दौरान खुले खेत में न रहने, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा विद्युत उपकरणों और पंपसेट से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
फसल क्षति होने पर बीमित किसान टोल-फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।















