गाजीपुर – पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा पुलिस परिवार के बच्चों के लिए समर कैंप एवं बुक फेयर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का निर्देशन पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की पत्नी एवं वामा सारथी की पदेन अध्यक्षा श्रीमती कल्याणी जी द्वारा किया गया।
समर कैंप में बच्चों की कला और रचनात्मकता को निखारने के उद्देश्य से साइंस एक्सपेरिमेंट, आर्ट एंड क्राफ्ट, क्ले मॉडलिंग, मिट्टी के बर्तन बनाना तथा उन पर पेंटिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही बच्चों को जूडो-कराटे और सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण भी दिया गया। पुलिस परिवार के बच्चे एवं बच्चियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पदेन अध्यक्षा द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर की पत्नी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी की पत्नी, प्रतिसार निरीक्षक गाजीपुर सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन में अधिक से अधिक पुलिस परिवारों को शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।














