गाज़ीपुर – देवकली ब्लॉक अंतर्गत बरहपुर ग्राम पंचायत ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में दूसरी बार दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। पुरस्कार स्वरूप ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है, जिससे गांव में सड़क, स्वच्छता, पेयजल और अन्य जनहित कार्यों को और गति मिलेगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान विजय कुमार सिंह सब्लू ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत की जनता और पूरे देवकली ब्लॉक की मेहनत और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सबसे पहले गाज़ीपुर की वीर शहीदों की धरती को नमन करते हुए संकटमोचन हनुमान जी और बाबा काशी विश्वनाथ जी का आशीर्वाद बताया।
ग्राम प्रधान ने इस सफलता का श्रेय क्षेत्र के जनप्रिय विधान परिषद सदस्य (MLC) विशाल सिंह चंचल के मार्गदर्शन और सहयोग के साथ-साथ ग्रामवासियों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को केवल जनता का सेवक मानते हैं और ईमानदारी व निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि पुरस्कार की राशि से गांव का विकास और तेज़ी से होगा तथा बरहपुर ग्राम पंचायत नई ऊंचाइयों को छुएगी।














