गाज़ीपुर – कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के महुली बांध गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सबसे छोटी बेटी की विदाई के कुछ ही देर बाद मां की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राम अवतार गोंड की सबसे छोटी पुत्री खुशबू गोंड की शादी बुधवार रात पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ संपन्न हुई थी। बृहस्पतिवार सुबह विवाह की रस्मों के बाद बेटी की विदाई हुई। विदाई के दौरान मां मालती देवी (60) अपनी बेटी से गले लगकर लगातार रो रही थीं। परिवार और रिश्तेदार उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बेटी के जाने का दुख वह सहन नहीं कर सकीं।
ग्रामीणों के मुताबिक जैसे ही बेटी की डोली घर से निकली, मालती देवी ने अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत की और कुछ ही क्षण बाद बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। शादी वाले घर में अचानक चीख-पुकार मच गई। सूचना बेटी के ससुराल पक्ष को भी दे दी गई है। गांव के लोगों का कहना है कि बेटी की विदाई का भावुक पल मालती देवी के जीवन का आखिरी पल बन गया।














