Friday, March 20, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalगाजीपुर - गैस किल्लत को लेकर सपा नेत्रियों का प्रदर्शन, सरकार पर...

गाजीपुर – गैस किल्लत को लेकर सपा नेत्रियों का प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

गाजीपुर – गैस सिलेंडर की कमी को लेकर समाजवादी पार्टी महिला सभा की अध्यक्ष विभा पाल के नेतृत्व में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाएं खाली गैस सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपकर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान विभा पाल ने कहा कि गैस की किल्लत के कारण महिलाओं को रसोई में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं किसी तरह लकड़ी और गोइठे पर खाना बनाकर काम चला रही हैं, लेकिन शहरी इलाकों में गैस की कमी के कारण हालात बेहद खराब हैं।

समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शौर्या सिंह ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर गैस की किल्लत से महिलाओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कामर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर रोक लगने के कारण होटल और ढाबे बंद होने की कगार पर हैं, जिससे रोजगार पर भी असर पड़ रहा है।

शौर्या सिंह ने कहा कि “राम रसोई” जैसी योजनाएं भी गैस की कमी से प्रभावित हुई हैं और पहली बार ऐसा हुआ है जब गैस किल्लत के कारण इसे बंद करना पड़ा। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमाखोरी और कालाबाजारी को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।

इस प्रदर्शन में रीता विश्वकर्मा, आशा यादव, पुनीता यादव, रीना यादव, कंचन रावत, ज्योति पांडे, वर्षा यादव, ममता यादव और सुषमा बिंद सहित कई महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button