गाजीपुर – मरदह थाना पुलिस ने महिला को परेशान करने और आईटी एक्ट से जुड़े मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार 10 जुलाई 2026 को प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय ने पुलिस टीम के साथ बरही चट्टी स्थित इंटर कॉलेज के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। इस दौरान थाना मरदह में दर्ज मुकदमा संख्या 117/2026, धारा 69, 138, 115(2), 352, 351(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट में वांछित अभियुक्त भानू प्रताप चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानू प्रताप चौहान (31 वर्ष) पुत्र नन्दलाल चौहान, निवासी ग्राम बिजौरा, थाना मरदह, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को लगातार परेशान करने के आरोप में उसके विरुद्ध थाना मरदह में मुकदमा संख्या 203/2026, धारा 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत भी मामला दर्ज है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।














