गाज़ीपुर – अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरनो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद के मार्गदर्शन में थाना बिरनो पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 350 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार थाना बिरनो पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 109/2026, धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कार्रवाई के दौरान मुखबिर की सूचना पर मीरपुर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। इसके बाद 30 मई 2026 को सुबह करीब 5:50 बजे छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में किशन विश्वकर्मा निवासी अरसदपुर थाना जंगीपुर, शुभम कुमार ठठेरा निवासी जंगीपुर, मंजीत यादव निवासी कोड़री थाना मरदह, रविकांत कुमार निवासी माफी बैदौली थाना मरदह, अमन यादव उर्फ मलाई निवासी पिपनार थाना मरदह तथा मनीष कुमार उर्फ छोटू निवासी सरायव थाना बिरनो शामिल हैं।
थाना प्रभारी बिरनो सत्येंद्र यादव ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। सटीक सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस बरामद हेरोइन के स्रोत तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।














