HomeLocalगोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक सम्पन्न , हरे चारे की बुवाई...

गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक सम्पन्न , हरे चारे की बुवाई की प्रगति पर जताई नाराजगी

हरे चारे की बुवाई की प्रगति पर जताई नाराजगी

गाजीपुर – मुख्य विकास अधिकारी सन्तोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में गोआश्रय स्थलों के संबंध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, गाजीपुर में आयोजित की गई। बैठक में गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण हेतु चारागाह की भूमि पर हरे चारे की बुवाई की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान जनपद की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने रोष व्यक्त किया।

तीन दिन में कार्ययोजना बनाने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश की संख्या के आधार पर चारागाह की भूमि पर हरा चारा उगाने की कार्ययोजना आगामी तीन दिवस में तैयार की जाए।

मानक के अनुरूप चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश

उन्होंने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को विकास खण्ड स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित कर गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा एवं चोकर आदि की व्यवस्था मानक के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिन गोआश्रय स्थलों पर हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल साईलेज की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।

अभिलेखों के लिए छपे हुए रजिस्टर उपलब्ध कराने के निर्देश

गोआश्रय स्थलों पर मानक के अनुरूप अभिलेख संधारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गाजीपुर को समस्त गोआश्रय स्थलों को निर्धारित प्रारूप में छपे हुए रजिस्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी व कंट्रोल रूम की व्यवस्था

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद के सभी 60 गोआश्रय स्थलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य प्रगति पर है, जिसमें अब तक 14 गोआश्रय स्थलों में कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन, गाजीपुर में कक्ष संख्या 30 में कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन गोआश्रय स्थलों में गोवंशों को उपलब्ध कराए जा रहे भूसा, हरा चारा, चोकर एवं अन्य व्यवस्थाओं का अनुश्रवण करने के निर्देश भी दिए।

अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में डॉ. अरविन्द कुमार शाही (मुख्य पशु चिकित्साधिकारी), दीन दयाल वर्मा (परियोजना निदेशक), जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, डॉ. राकेश कुमार गौतम (नोडल अधिकारी गोशाला), जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी एवं गोआश्रय स्थलों के जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments