Sunday, May 31, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalसैदपुर भीतरी स्टेशन पर लोको इंजन में रील बनाना पड़ा भारी, युवक...

सैदपुर भीतरी स्टेशन पर लोको इंजन में रील बनाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

गाजीपुर – सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन पर सोशल मीडिया के लिए लोको इंजन के अंदर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

घटना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 की लाइन नंबर-4 पर खड़े एक लोको इंजन की है। वायरल वीडियो में युवक अर्धनग्न अवस्था में इंजन के भीतर दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। मामले को गंभीर मानते हुए वाराणसी कंट्रोल और मुख्य शक्ति नियंत्रण कार्यालय ने तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।

30 मई को यह वीडियो व्हाट्सएप के माध्यम से रेलवे अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट औड़िहार में रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। रेलवे अधिकारियों ने इसे सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश और रेलवे संपत्ति के दुरुपयोग का मामला माना।

प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर सिटी प्रियांबु प्रिय के निर्देशन में उप निरीक्षक मनीन्द्र यादव, सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार सिंह और प्रमोद कुमार दुबे की टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी और स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल के आधार पर युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान अरविन्द यादव (24), पुत्र रमेश यादव, निवासी दौलतपुर, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। आरपीएफ ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button