गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से बिरनो ब्लॉक परिसर में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की मौजूदगी में समूहों की गतिविधियों, बैंक लिंकेज, लखपति दीदी अभियान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सीडीओ ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार और विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र समूह सदस्यों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
कार्यशाला में बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक कर स्वयं सहायता समूहों के लिए नए ऋण की स्वीकृति एवं बैंक लिंकेज की प्रगति की समीक्षा की गई। समूहों को स्वरोजगार के लिए उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने तथा उनके द्वारा तैयार उत्पादों और उपकरणों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। सीडीओ ने समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन कर गुणवत्ता, पैकेजिंग और बाजार उपलब्धता को लेकर आवश्यक सुझाव दिए।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वेइंग मशीन भी वितरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिक से अधिक परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कार्यशाला में ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, सचीन्द्र नाथ सिंह (लल्लन सिंह), प्रधान खड़गपुर बिठौरा, गुड्डू गुप्ता, दिनेश चौहान, भरत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।














