HomeLocalट्रेन में अचेत मिला जंगीपुर का युवक, अस्पताल में मौत; जांच में...

ट्रेन में अचेत मिला जंगीपुर का युवक, अस्पताल में मौत; जांच में जुटी पुलिस

गाज़ीपुर – जंगीपुर थाना क्षेत्र के ज्यंतिदासपुर निवासी 30 वर्षीय युवक की ट्रेन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक सिकंदराबाद से दानापुर एक्सप्रेस से अपने घर लौट रहा था। वाराणसी रेलवे स्टेशन पर उसे लेने पहुंचे परिजनों ने जब उसे अपनी सीट पर अचेत अवस्था में देखा तो तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्यंतिदासपुर निवासी जयप्रकाश यादव का पुत्र मुन्ना यादव पिछले कुछ वर्षों से अपनी पत्नी पूनम देवी के साथ सिकंदराबाद में रहकर नौकरी करता था। बीते 10 अक्टूबर को वह दानापुर एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। उसके वाराणसी पहुंचने की सूचना पर पिता जयप्रकाश यादव उसे लेने के लिए वाराणसी गए थे।
जयप्रकाश यादव ने बताया कि जब वह अपने पुत्र के पास पहुंचे तो वह ट्रेन में अपनी सीट पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। इसके बाद उसे ट्रेन से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
मामले में परिजनों ने वाराणसी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर घटना की जांच कराने की मांग की है। बताया गया कि मुन्ना यादव की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी असामयिक मौत से पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments