HomeCrimeकोहरे का कहर: धरम्मरपुर पक्का पुल पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप की भीषण...

कोहरे का कहर: धरम्मरपुर पक्का पुल पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप की भीषण टक्कर

गाजीपुर। जमानियां क्षेत्र अंतर्गत धरम्मरपुर पक्का पुल पर शनिवार तड़के घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम होने से धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और गौ-वंशी से लदी पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का पिछला हिस्सा पुल की रेलिंग पर चढ़ गया, जिससे कुछ देर के लिए पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुल पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस ने क्रेन की सहायता से पिकअप वाहन को सुरक्षित तरीके से पुल से नीचे उतारकर कोतवाली पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ।

पुलिस के अनुसार घना कोहरा दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है, जिससे वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों की सही जानकारी नहीं मिल पाई। फिलहाल पुलिस फरार चालकों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments