गाजीपुर: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ से बलिया जाते समय जनपद के महड़ौर मार्ग पर विद्युत व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे और आबादी वाले क्षेत्रों में लटके एवं अव्यवस्थित बिजली तारों को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और इसे जनता की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही बताया।
मंत्री ने मौके पर ही वाहन रुकवाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इस पर उन्होंने तत्काल पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार से फोन पर वार्ता कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें कोई समझौता नहीं हो सकता। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लटके, जर्जर एवं अव्यवस्थित तारों को तुरंत ठीक कराया जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बताया गया कि मंत्री ए.के. शर्मा बलिया जनपद के रसड़ा स्थित नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर के वार्षिकोत्सव में शामिल होने जा रहे थे। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने मार्ग में दिखी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज नहीं किया और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विद्युत लाइनों के रखरखाव को प्राथमिकता दी जाए, विशेषकर घनी आबादी और अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों में। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।














