HomePoliticsगाजीपुर में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त को...

गाजीपुर में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

गाजीपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय मुहिम ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के तहत मंगलवार को गाजीपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं राजस्थान के पूर्व मंत्री सीताराम लाम्बा और पीसीसी पर्यवेक्षक व पूर्व एमएलसी ओमप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में मार्च सकलेनाबाद स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय से शुरू होकर लंका होते हुए कचहरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई।
प्रेसवार्ता में सीताराम लाम्बा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
ओमप्रकाश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं के वोट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कांग्रेस इस मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन जारी रखेगी।
जिलाध्यक्ष सुनील राम और शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने दिल्ली की रैली में गाजीपुर से बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही। मार्च में पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पशुपतिनाथ राय, मार्कंडेय सिंह, रविकांत राय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments