Tuesday, July 21, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAPHAAS BREAKINGसड़क पर जलभराव के विरोध में ग्रामीणों ने की धान की रोपाई,...

सड़क पर जलभराव के विरोध में ग्रामीणों ने की धान की रोपाई, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी 

गाज़ीपुर – बिरनो विकासखंड बिरनो क्षेत्र के भड़सर ग्राम पंचायत में मुख्य मार्ग पर पिछले दो माह से जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों का मंगलवार सुबह आक्रोश फूट पड़ा। विरोध दर्ज कराने के लिए ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखा प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की।

पूर्व ग्राम प्रधान केशव सिंह ने बताया कि यह मार्ग ग्राम पंचायत का प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्राथमिक विद्यालय के पीछे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास लगभग 100 मीटर तक सड़क पर पिछले दो महीने से पानी जमा है। कई बार शिकायत के बावजूद जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सड़क से कुछ दूरी पर स्थित गड़ही पर अतिक्रमण होने के कारण उसकी जलनिकासी क्षमता कम हो गई है, जिससे बारिश और नालियों का पानी सड़क पर भर रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि श्रावण मास शुरू होने वाला है और इसी मार्ग से महिलाएं, पुरुष तथा बच्चे शिव मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे। इसके अलावा प्रतिदिन प्राथमिक विद्यालय, इंटर कॉलेज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जलभराव की समस्या दूर कराने और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो खंड विकास अधिकारी बिरनो एवं जिलाधिकारी गाजीपुर को ज्ञापन सौंपकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से बाढ़ू पटेल, रानू सिंह, अरविंद पटेल, राजेश यादव, रंजय प्रजापति,भोलू पटेल, विक्की खरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इस संबंध में बिरनो खण्ड विकास अधिकारी कौश्तुंभ मणि पाठक ने बताया कि मामला संज्ञान में है संबंधित सचिव को जल निकासी के लिए निर्देशित किया गया है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button