गाजीपुर – नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की अध्यक्षता में तुलसी सागर मलिन बस्ती में विशेष जनसंपर्क, जनजागरूकता एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सिंचाई विभाग चौराहे से स्वच्छता अभियान के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, उपजिलाधिकारी सदर रवीश गुप्ता, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार राय, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रीति गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान तुलसी सागर मलिन बस्ती के लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक देशभर में समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जा रहा है। वहीं 8 से 14 जून तक महा जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता सप्ताह के दौरान जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित कर रहे हैं। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।














