जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय जमानियां के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर किया। रोजगार मेले में 1500 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें 536 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, महाविद्यालय प्रबंधक लछिराम सिंह यादव, प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, प्रो. अरुण कुमार, संतोष पांडेय, अजय कुमार गुप्ता एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सरस्वती वंदना एवं हारमोनियम पर राग प्रस्तुत किया गया। मंच संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने सरकार की रोजगारपरक योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए भविष्य में लगातार रोजगार मेले आयोजित किए जाने की बात कही।
मुख्य अतिथि जयप्रकाश गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए छात्र जीवन के संघर्ष और रोजगार के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं को स्थानीय स्तर के साथ जनपद से बाहर भी रोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की, जिससे रोजगार मेलों की जानकारी समय-समय पर मिलती रहे। उन्होंने आउटसोर्सिंग पोर्टल, विदेश में भर्ती के अवसर और करियर काउंसिलिंग जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















