गाजीपुर। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल जनपद गाजीपुर की ओर से गाजीपुर का नाम बदलकर गाधिपुरी अथवा गाधिपुरम किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। जिलाधिकारी के प्रतिनिधि विनोद जोशी को संगठन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपकर नाम परिवर्तन की मांग उठाई।
इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष एवं काशी प्रांत के प्रांतीय मंत्री डीके श्रीवास्तव ने कहा कि गाजीपुर का नाम बदलने की मांग विगत कई वर्षों से विभिन्न संगठनों और जनभावनाओं के माध्यम से उठाई जाती रही है। उन्होंने कहा कि संगठन के अनुसार इस जनपद का नाम इस्लामी शासक मसूद गाजी के नाम पर गाजीपुर रखा गया था, जबकि यह महर्षि विश्वामित्र की जन्मभूमि रही है।
उन्होंने कहा कि जनपद का पौराणिक संबंध महर्षि विश्वामित्र और उनके पिता राजा गाधि से जुड़ा हुआ है। इसी ऐतिहासिक एवं पौराणिक पहचान को ध्यान में रखते हुए संगठन मुख्यमंत्री से मांग करता है कि जनपद का नाम राजा गाधि के नाम पर गाधिपुरी या गाधिपुरम किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अभिषेक सिंह, कन्हैया उपाध्याय, रमेश गुप्ता, संदीप अग्रहरि, प्रदुम पांडे, राज पांडे, गोविंद विश्वकर्मा, लवकुश बिंद, गोपाल कुमार, निखिल विश्वकर्मा, सुशील पांडे, दीपक पांडे, प्रदीप गुप्ता, पप्पू गुप्ता, रवि प्रकाश सिंह, रवि कुमार, संजय, अमित कुमार, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।















