गाजीपुर। आगामी छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले ददरी घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्व से पूर्व सभी घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए। कहा कि गोताखोर निर्धारित ड्रेस में मुस्तैद रहें, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम बनाने तथा नियमित सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को भी कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने नवापुरा घाट, सिकंदरपुर घाट एवं नेपाली बाबा घाट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गाजीपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















