HomeUncategorizedनदी में डूबकर युवक की मौत, पिता को मिला चार लाख का...

नदी में डूबकर युवक की मौत, पिता को मिला चार लाख का चेक; परिजनों ने की दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के चक कमरौरा गांव में जमीन की पैमाइश को लेकर हुए विवाद के बाद नदी में कूदे 25 वर्षीय रामबाबू उर्फ विक्की का शव करीब 36 घंटे की तलाश के बाद शुक्रवार सुबह समनपुर घाट के पास नारायणी नदी में मिला। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। वहीं, प्रशासन की ओर से मृतक के पिता को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार, बीते सात अक्टूबर को जमीन की पैमाइश कराने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों की झड़प और मारपीट हुई थी। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई के बीच रामबाबू उर्फ विक्की और एक अन्य युवक प्रदुमन के नदी में कूदने की बात सामने आई। पुलिस ने दूसरे युवक को पकड़ लिया, जबकि रामबाबू नदी में डूबने के बाद लापता हो गया। घटना के बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस, पीएसी, गोताखोरों और आपदा राहत दल की मदद ली गई।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे समनपुर घाट के पास एक नाविक ने नदी में शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक की मां मनोरमी देवी और बहनों लड्डुन व काजल का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
परिजनों ने पुलिस पर युवक को बचाने में लापरवाही बरतने और कार्रवाई के दौरान मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाकर अपनी बात सुनने तथा आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने विवादित जमीन पर ही शव दफनाने की मांग भी रखी।
उधर, भीम आर्मी की जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भारती ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई। पुलिस ने पहले राजस्व टीम के साथ मारपीट के मामले में 40 ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
प्रशासन की ओर से मृतक के पिता को चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए नोनहरा, बरेसर, कासिमाबाद और मुहम्मदाबाद क्षेत्र की पुलिस के साथ पीएसी तैनात की गई। मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments