गाजीपुर। अपराध नियंत्रण और सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार की देर शाम बिरनो थाना क्षेत्र में पुलिस ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान बाजारों, चौराहों, मुख्य मार्गों और अन्य प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का एहसास कराया गया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लोगों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों से पूछताछ करने के साथ ही वाहनों के आवश्यक कागजात भी जांचे गए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाना, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस मौके पर भड़सर चौकी प्रभारी संगम दुबे, सुनील शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।















