गाजीपुर – कासिमाबाद–यूसुफपुर मार्ग पर उसरी चट्टी के पास मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुहम्मदाबाद चौकी के उपनिरीक्षक ईश्वर देव त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना उसरी और फकराबाद चट्टी के बीच हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बैरान गांव निवासी सोमनाथ पांडे (55) पुत्र नरसिंह पांडे की मौत हो गई। बताया गया कि वह अलावलपुर बाजार गए थे।
दूसरे घायल की पहचान रमन कुमार (40) निवासी ताजोपुर, सराय लखनशी, जनपद मऊ के रूप में हुई है। हादसे में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।














