HomePARDAPHAAS BREAKINGकमरे में पंखे से लटका मिला महिला का शव, पांच लोगों पर...

कमरे में पंखे से लटका मिला महिला का शव, पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा

गाज़ीपुर । बिरनो थाना क्षेत्र के बिहरा गांव में मंगलवार शाम घर के कमरे में पंखे से लटका महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान 30 वर्षीय प्रीति सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रीति के पति अमरजीत सिंह की मां सुनीला सिंह ने बताया कि प्रीति मायके जाने को लेकर अपने पति से फोन पर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति ने अपनी मां को फोन पर इसकी जानकारी दी और प्रीति को मायके जाने के लिए कहने की बात बताई। इसके बाद प्रीति कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
सुनीला सिंह के मुताबिक, घर में देवर अरविंद सिंह के साथ शराब पीने को लेकर भी विवाद हुआ था। इस पर उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। बाद में दरवाजा तोड़कर देखा गया तो प्रीति का शव पंखे से लटका मिला।
बताया गया कि प्रीति की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। उनका नौ वर्षीय एक बेटा है। उनके ससुर का नाम वीरेंद्र सिंह है। वहीं, पति अमरजीत सिंह करीब एक सप्ताह पहले विदेश गए थे।
घटना की सूचना पर बिरनो पुलिस के साथ कासिमाबाद के सीओ भी मौके पर पहुंचे। बिरनो थाना प्रभारी पन्नेलाल यादव ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर पति, सास, ससुर, देवर और ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments