बिरनो। बिरनो थाना क्षेत्र के बीरबलपुर मठिया गांव में 8 जुलाई को भूमि विवाद को लेकर दलित समुदाय के एक परिवार और यादव समुदाय के परिवार के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में पूर्व में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उद्घोषणा की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार मुकदमा अपराध संख्या 139/2026 में जुगुनू उर्फ राकेश यादव पुत्र अम्बिका यादव तथा अम्बिका यादव पुत्र स्व. रामनरेश यादव निवासी बीरबलपुर मठिया वांछित हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी हुआ था, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपी फरार हैं।
न्यायालय के आदेश के क्रम में भड़सर पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ आरोपियों के घर पहुंचकर धारा 84 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत नोटिस चस्पा किया। नोटिस के माध्यम से दोनों आरोपियों को 22 सितंबर 2026 तक न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में बिरनो थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव ने बताया कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














