HomePARDAPHAAS BREAKINGनीलगाय से टकराकर गिरे दूध विक्रेता को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत

नीलगाय से टकराकर गिरे दूध विक्रेता को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत

गाज़ीपुर – जंगीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूध विक्रेता की मौत हो गई। हादसा देवकठीया के पास उस समय हुआ, जब मोटरसाइकिल से घर लौट रहे अधेड़ की बाइक अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गई। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और आगे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।

जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि बद्दूसराय निवासी रामजी यादव (52), पुत्र अर्जुन यादव, दूध बेचने का कार्य करते थे। वह प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह मोटरसाइकिल से दूध लेकर गाजीपुर गए थे। दोपहर में घर लौटते समय देवकठीया के पास अचानक सामने नीलगाय आ जाने से उनकी बाइक उससे टकरा गई। सड़क पर गिरते ही आगे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

इस संबंध में जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पुत्र के तहरीर पर आगे कार्रवाई की जा रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments