गाजीपुर। जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद ने बताया कि जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में सबजूनियर बालकों की कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 5 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में आयोजित होगा। इच्छुक खिलाड़ी सुबह 9 बजे तक अपनी प्रविष्टि दर्ज करा सकते हैं। चयनित खिलाड़ी वाराणसी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। खिलाड़ियों को फोटोयुक्त पात्रता प्रमाणपत्र, प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाणपत्र तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश निःशुल्क रहेगा। फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन दोनों वर्गों में 41-45, 48, 51, 55, 65, 71, 80, 92 तथा 110 किलोग्राम भार वर्गों में चयन होगा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 21 से 23 अगस्त 2026 तक कौशाम्बी में आयोजित होगी।
इसके अलावा प्रदेशीय महिला खेल समारोह के तहत खो-खो, बैडमिंटन और वॉलीबॉल के जिला स्तरीय चयन भी नेहरू स्टेडियम में होंगे। खो-खो के ट्रायल 4 अगस्त, बैडमिंटन के 5 अगस्त तथा वॉलीबॉल के 6 अगस्त को सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक महिला खिलाड़ी संबंधित तिथि पर सुबह 9:30 बजे तक अपनी प्रविष्टि दे सकती हैं। चयनित खिलाड़ी वाराणसी मंडल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। सभी खिलाड़ियों के लिए फोटोयुक्त पात्रता प्रमाणपत्र, आयु प्रमाणपत्र और आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। महिला खेलों की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 11 से 13 अगस्त 2026 तक जौनपुर में आयोजित की जाएगी।














