“स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश, डॉ. महिपाल सिंह को ‘सेवा सम्मान’ से सम्मानित”
नोएडा: स्वच्छ भारत मिशन की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता को जनभागीदारी का आंदोलन बनाने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट में टीम वॉलिंटियर्स और आई केयर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में ‘मेरी सोसाइटी, हम सब मिलकर सवारें’ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के डॉ. महिपाल सिंह ने स्वास्थ्य जागरूकता सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन केवल संतुलित आहार से नहीं, बल्कि सही तरीके से चलने, बैठने, खड़े होने और बोलने जैसी दैनिक आदतों से भी जुड़ा है। उन्होंने लोगों को छोटी-छोटी अच्छी आदतें अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने की प्रेरणा दी। समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें ‘सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
इसके बाद प्रतिभागियों ने पूरे परिसर में स्वच्छता रैली निकाली और लोगों को खुले में कूड़ा न फेंकने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों और स्थानीय निवासियों ने परिसर की सफाई कर एकत्रित कचरे को स्वास्थ्य विभाग के ट्रैक्टर में डाला। इस पहल ने “पहले स्वयं करें, फिर दूसरों को प्रेरित करें” का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने स्वच्छता से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई। समाजसेवी एवं शिक्षिका नीतू सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
“हम न गंदगी करेंगे और न किसी को गंदगी करने देंगे। अपने घर, अपनी सोसाइटी और अपने शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।”
महिलाओं ने भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपने परिवारों व आसपास के लोगों को लगातार जागरूक करने का संकल्प लिया।
समाजसेवी नरेश यादव ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पतंग वितरित की और स्वास्थ्य विभाग के अर्जुन सहित पूरी टीम के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर फौजी हरिवंश सिंह, पूर्व अध्यक्ष सतवीर यादव, आकाश शर्मा, अनिरुद्ध राय, संदीप सिंह, डी.एस. नेगी, सुंदर सिंह, दिनेश पुनिया, हिमांशु चौधरी, अवधेश राणा, पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अभियान का संदेश
यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक आवासीय सोसाइटी नियमित रूप से ऐसे जनसहभागिता आधारित स्वच्छता अभियान चलाए, तो नोएडा ही नहीं बल्कि पूरे देश में स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।














