गाजीपुर। महाहर धाम में रविवार से शुरू होने वाली श्रावण मास कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा के सुचारु संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल तथा प्राथमिक उपचार केंद्रों की व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग स्थलीय निरीक्षण कर किसी भी कमी को तत्काल दूर करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार गश्त की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल और नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विद्युत, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल निगम, नगर निकाय, अग्निशमन, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं महाहर धाम ट्रस्ट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से महाहर धाम परिसर में स्थापित नई पुलिस चौकी का फीता काटकर उद्घाटन किया। अधिकारियों ने कहा कि नई चौकी के संचालन से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा श्रद्धालुओं को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।














