गाज़ीपुर – कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के खेताबपुर चट्टी पर अज्ञात बाइक की टक्कर से घायल अधेड़ की गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक राजापुर गांव निवासी देवचंद भारती (66) बताए गए हैं।
समाजसेवी मोती चौहान के अनुसार, नसीरपुर ग्राम सभा के राजापुर मौजा निवासी देवचंद भारती बुधवार दोपहर तेल पेरवाने के लिए गंगौली चट्टी गए थे। दुकान बंद मिलने के बाद वह पैदल ही वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खेताबपुर चट्टी के पास गांव की ओर मुड़ने लगे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी, लेकिन बाइक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उन्हें मऊ जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी रेशमी देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक की तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्री की पूर्व में सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है।
इस संबंध में कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायन ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














