गाजीपुर – उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने के अवसर पर ऑडिटोरियम सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, मंडलायुक्त वाराणसी मंडल एस. राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा “नवनिर्माण के 9 वर्ष” वार्षिक पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसका सजीव प्रसारण सभागार में देखा गया। साथ ही परिसर में लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया, जहां विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल लगाए गए थे।
इस मौके पर शिक्षा, आईसीडीएस और प्रोबेशन विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित की गईं, जबकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 3 लाभार्थियों को 5-5 लाख रुपये के डेमो चेक दिए गए। ओडीओपी योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 25 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के विकास की सराहना करते हुए जनता का आभार व्यक्त किया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी सरकार के 9 वर्षों के विकास कार्यों की प्रशंसा की।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 18 से 26 मार्च तक नौ दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे














