गाजीपुर – जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से तृतीय शनिवार को तहसील सेवराई में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी मौजूद रहे। तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 97 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 365 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 43 का तत्काल समाधान किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर उनसे स्पष्टीकरण देने के निर्देश भी दिए गए।
अन्य तहसीलों में भी अधिकारियों की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुए। तहसील सदर में 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण हुआ। कासिमाबाद तहसील में 23 शिकायतें आईं, जिनमें 3 का समाधान किया गया। जमानिया तहसील में 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 4 का मौके पर निस्तारण हुआ। जखनियां तहसील में 70 शिकायतें आईं, जिनमें 3 का निस्तारण हुआ। सैदपुर में 19 शिकायतों में से 1 का समाधान किया गया, जबकि मुहम्मदाबाद तहसील में 73 शिकायतों में से 17 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय से भूमि और आपसी विवादों का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। लेखपालों को भी निर्देशित किया गया कि छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान कर जनता को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने तहसील सेवराई के रिकॉर्ड रूम, एसडीएम कोर्ट और अन्य कक्षों का निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई और फाइलों के समुचित रखरखाव के निर्देश दिए। इस अवसर पर कई जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।














