गाजीपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित ‘संभव 6.0’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ), मुख्य सेविकाओं, सुपरवाइजरों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में बताया गया कि जुलाई से सितंबर 2026 तक चलने वाले ‘संभव 6.0’ अभियान का विषय ‘गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा’ है। अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की समय पर प्रसव पूर्व और प्रसवोत्तर जांच सुनिश्चित करना, कम वजन वाले नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल करना तथा जन्म से छह माह तक के शिशुओं को कुपोषण से बचाने के लिए प्रभावी उपचार एवं पोषण प्रबंधन उपलब्ध कराना है।
बैठक में गर्भवती महिलाओं, कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, गृह भ्रमण, पोषण प्रबंधन तथा विभागीय समन्वय की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि लक्षित लाभार्थियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
समीक्षा के दौरान भदौरा क्षेत्र के ग्राम बारा में पिछले तीन माह से आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा टीकाकरण नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों से अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करने तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।














