गाज़ीपुर – निशा विश्वकर्मा की मौत के बाद 22 अप्रैल को गाजीपुर के कटारिया गांव में हुए विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के 46 नेताओं और करीब 200 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक 16 सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव जिला जेल पहुंचे और बंद नेताओं से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। यह विवाद उस समय भड़का जब सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचा था। इस दौरान ग्रामीणों और प्रतिनिधिमंडल के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही पत्थरबाजी में बदल गई। घटना में कई लोग घायल हुए थे।
जेल में बंद सपा नेता सत्येंद्र यादव से मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष ने उनके स्वास्थ्य पर चिंता जताई। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा से बातचीत कर उचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन के अनुसार, सभी बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।














