गाजीपुर – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विकासखंड करण्डा के ग्राम पंचायत लखनचन्दपुर स्थित गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों की सुविधाओं, खरीद प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर गेहूं खरीद और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देश दिया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और साफ-सफाई व्यवस्था की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गेहूं की खरीद निर्धारित मानकों के अनुसार ही होनी चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम ढेलवा स्थित अस्थायी गौ-आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। वहां हरे चारे की कमी पाए जाने पर उन्होंने ग्राम प्रधान को तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, छाया और पशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि गोवंश की देखभाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।














