गाजीपुर – मरदह थाना क्षेत्र के मरदह कस्बे में पारिवारिक कलह के चलते एक 35 वर्षीय मजदूर ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। मंगलवार दोपहर उसका शव घर के पास बने टिनशेड के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान सतीश पासी (35) पुत्र स्वर्गीय रामजीत पासवान के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उसकी पत्नी वंदना से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर के बगल स्थित बिना दरवाजे वाले कमरे में चला गया और साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
एक ग्रामीण ने जब शव को लटकते देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई।
सतीश अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके निधन से पत्नी और तीन छोटी बेटियों का भविष्य अनिश्चित हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।














