HomePARDAPHAAS BREAKINGगाजीपुर में एक नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 174 केंद्र बनाए...

गाजीपुर में एक नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 174 केंद्र बनाए गए

धान का कॉमन समर्थन मूल्य 2441 और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल, किसान आईडी अनिवार्य

गाजीपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदने के लिए जनपद में कुल 174 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर एक नवंबर 2026 से धान खरीद शुरू होगी। वहीं, बाजरा खरीद के लिए जिले में चार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने किसानों से समय रहते पंजीकरण कराने और किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) तैयार रखने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि धान खरीद के लिए विपणन शाखा के 41, पीसीएफ के 30, पीसीयू के 75, यूपीएसएस के 19, मंडी समिति के आठ और भारतीय खाद्य निगम का एक केंद्र बनाया गया है। इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य कॉमन किस्म के लिए 2441 रुपये और ग्रेड-ए के लिए 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त उतराई और छनाई मद में 20 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे। बाजरा का समर्थन मूल्य 2900 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। इसमें भी उतराई और छनाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि उपज की खरीद के बाद किसानों को 48 घंटे के भीतर पीएफएमएस के माध्यम से उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में भुगतान किया जाएगा। धान और बाजरा की सरकारी खरीद के लिए किसान पहचान पत्र अथवा फार्मर आईडी अनिवार्य है। जिन किसानों के पास फार्मर आईडी नहीं है, वे [किसान रजिस्ट्री पोर्टल](https://upfr.agristack.gov.in/farmer-registry-up/#/) पर स्वयं या साइबर कैफे के माध्यम से पंजीकरण कर इसे प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में एक अक्टूबर से बाजरा क्रय केंद्र संचालित हो चुके हैं। बाजरा बेचने के लिए किसान [ई-उपार्जन पोर्टल](https://fcs.up.gov.in/) पर पंजीकरण करा सकते हैं। किसान मोबाइल या जनसुविधा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण कराकर समय से सत्यापन सुनिश्चित करें। फसल कटाई के बाद आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी बाजरा क्रय केंद्र पर पहुंचकर गुणवत्तापूर्ण उपज बेच सकते हैं।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments