गाजीपुर – मुहम्मदाबाद क्षेत्र अंतर्गत कठउत गांव में मंगलवार देर रात एक निजी गौशाला में भीषण आग लगने से 7 गाय और 1 बछिया समेत कुल 8 पशुओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करीब 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिवानंद राय और नरेंद्र राय पशुपालन कर दूध का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने पशुओं के लिए टीन शेड की गौशाला बना रखी थी। गर्मी से बचाव के लिए शेड के पीछे पुआल के गट्ठर भी रखे गए थे, जो आग फैलने का कारण बन गए।
मंगलवार रात करीब 12:30 बजे अचानक गौशाला से धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पशुपालकों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की चपेट में आकर गौशाला में बंधे सभी पशु झुलस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। बुधवार को राजस्व लेखपाल रवि पंकज ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और बताया कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ितों को उचित मुआवजा मिल सके।














