गाजीपुर – किसानों के लिए चल रहे फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) विशेष अभियान का जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत फतेउल्लाहपुर और सहेड़ी पहुंचकर रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सचिव और लेखपाल से मृतक एवं भूमिहीन किसानों की जानकारी भी ली।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। उन्होंने विशेष रूप से छूटे हुए किसानों की ई-केवाईसी और भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं जैसे किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और फसल बीमा के लिए सही डाटाबेस तैयार किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को ग्राम सचिवालयों और पंचायत भवनों का नियमित दौरा कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी लेकर नजदीकी जन सेवा केंद्र या कृषि समन्वयक के पास जाकर अपनी किसान आईडी बनवाएं।
साथ ही उन्होंने बताया कि यदि आधार और खतौनी में नाम में अंतर है, तो उसे तुरंत सही कराएं, अन्यथा रजिस्ट्री अमान्य हो सकती है। उन्होंने कहा कि खतौनी का आधार से सत्यापन (ई-केवाईसी) अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि केवल पात्र किसानों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।














