गाजीपुर, । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय शनिवार को गाजीपुर पहुंचे और चर्चित विनीत राय हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है तथा दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष करेगी।
पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने कहा कि होटल व्यवसायी आलोक राय का परिवार जिले का सम्मानित परिवार है, लेकिन उनके पुत्र विनीत राय की निर्मम हत्या ने प्रदेश की कानून व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हत्या, लूट, अपहरण, फिरौती और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार केवल दावे और प्रचार करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि यदि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में असफल है तो मुख्यमंत्री को सत्ता छोड़कर अपने मठ में लौट जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों का राज कायम हो चुका है और सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
गाजीपुर प्रवास के दौरान अजय राय ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अखिलेश्वर प्रसाद सिंह के आवास पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा कांग्रेस नेत्री कुसुम तिवारी के आवास जाकर उनकी सास के निधन पर परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














