गाजीपुर। पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येंद्र बारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार (राइफल क्लब) में प्रेसवार्ता कर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनकी प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और किसी को न्याय या सरकारी सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े।
उन्होंने बताया कि पात्र और अपात्र लोगों की जानकारी देने के लिए चौपालों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जमानिया तहसील के टिसौरा गांव में जनचौपाल आयोजित की गई, जहां लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से मौके पर निस्तारण कराया जाएगा।
योजनाओं की प्रगति बताते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वदशम छात्रवृत्ति के तहत 4476 तथा दशमोत्तर छात्रवृत्ति में 3685 बच्चों को लाभ दिया गया है। शादी अनुदान के 2218 लक्ष्य के सापेक्ष 1835 लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है। वहीं ओ-लेवल और ट्रिपल सी के तहत 752 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीओ अनिल कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज, राज्य मंत्री के जिला प्रभारी गुड्डू बारी सहित मीडिया प्रतिनिधि एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।















