गाजीपुर। तहसील कासिमाबाद के ग्राम पंचायत हब्बीपुर स्थित ग्राम सचिवालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकार की विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर मेगा ड्राइव के तहत विधिक सहायता एवं जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत पीड़ित मुआवजा योजना-2014, एसिड पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना-2016, बच्चों के लिए बाल अनुकूल कानूनी सेवाएं योजना-2014 तथा श्रमिकों के लिए विधिक सेवाएं योजना-2015 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी बताया। साथ ही नारी की उड़ान सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने की अपील की।
बलराम दास ने आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से अपने लंबित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने की अपील की। उन्होंने राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान-3.0 का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता नागेंद्र कुमार गौतम, ग्राम पंचायत सचिव अरविंद कुमार यादव, ग्राम प्रधान मनीष कुमार, पराविधिक स्वयंसेवक सुभाष कुमार, अशोक कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।















